यूपी : लोकसभा चुनाव के पहले चरण का रोडमैप तैयार, पार्टी 1 लाख 73 हजार से अधिक मतदान बूथों को करेगी सशक्त

उत्तर प्रदेश

स्टेट डेस्क। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की अध्यक्षता में राजधानी स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की शुक्रवार को बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों के पहले चरण का रोडमैप तैयार किया गया। भाजपा ने प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 75 जीतकर लगातार तीसरी बार यूपी के जरिये केंद्र की सत्ता पर काबिज होने की योजना बनाई है। लोकसभा चुनाव-2024 में मिशन 75 के तहत भाजपा तैयारियों में जुट गई है।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0

पहले चरण में पार्टी 1 लाख 73 हजार से अधिक मतदान बूथों को सशक्त करेगी। प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व से मिले एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए यह योजना बनाई है। महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बैठक में बताया कि प्रदेश के 1.73 लाख से अधिक बूथों को ए, बी, सी और डी श्रेणी में बांटा गया है। इनमें से करीब 40 हजार बूथ मुस्लिम बहुल हैं। करीब 22 हजार बूथ ऐसे हैं जहां 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा कमजोर रही।

सभी सांसदों, विधानसभा क्षेत्र संयोजकों के साथ प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों को इन बूथों के क्षेत्र में लगातार प्रवास कर इन्हें सशक्त बनाना होगा। बूथों पर पार्टी के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जोड़ने के साथ लाभार्थियों से लगातार संपर्क कर उन्हें पार्टी से मजबूती के साथ जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि 14 लोकसभा सीट अभी सपा, बसपा और कांग्रेस के पास है। इन क्षेत्रों के चार क्लस्टर बनाकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जितेंद्र सिंह और केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा को इनका प्रभारी बनाया गया है। वहीं भाजपा ने सभी जिलाध्यक्षों को जिला कार्यसमिति की बैठक 15 जुलाई तक करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पदाधिकारियों के साथ जिला प्रभारी, जिला संयोजक, विधानसभा क्षेत्र संयोजक, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और अग्रिम मोर्चों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

मोदी एट 20 को जनता के बीच लेकर जाएंगे
बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के एक मात्र ऐसे नेता हैं जो लगातार 20 वर्ष से गुजरात के मुख्यमंत्री के बाद देश के प्रधानमंत्री है। मोदी पर एक लिखी गई किताब मोदी एट 20 को सभी पदाधिकारी पढ़ेंगे। किताब को पढ़कर संगठनात्मक कार्यक्रम के जरिये जनता के बीच जाकर जनता को बताएंगे कि किस तरह मोदी ने मुख्यमंत्री रहते गुजरात और प्रधानमंत्री रहते देश को बुलंदियों पर पहुंचाया है।

हर जिले में इसके लिए दो कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 500-500 गैर भाजपाई प्रबुद्ध लोगों को बुलाया जाएगा। उच्च शिक्षण संस्थाओं में भी इसके कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के लिए एक वक्ता प्रदेश स्तर से भेजे जाएंगे। एक वक्ता स्थानीय स्तर पर समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति को चुना जाएगा।