चंपारण : संविधान हमारा स्वाभिमान है, इसकी रक्षा के लिए भाजपा के कार्यकर्ता अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को हमेशा तत्पर : पवन राज

मोतिहारी

मोतिहारी / राजन द्विवेदी। मोतिहारी भाजपा द्वारा संविधान गौरव अभियान का आयोजन आज नगर भवन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भाजपा पवन राज एवं संचालन जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा विजय राम ने किया। जिलाध्यक्ष पवन राज ने कहा कि ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ है और इसकी रक्षा के लिए भाजपा के कार्यकर्ता अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को हमेशा तत्पर हैं।

बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादियों ने बाबा साहेब का अपमान किया और उन्हें कमजोर करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि विपक्षी दलों ने न केवल संविधान की प्रतियां जलाईं, बल्कि भोली-भाली जनता के बीच संविधान के बारे में भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल करने का प्रयास किया।

वहीं मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि जब 1949 में संविधान को स्वीकृति दी जा रही थी तब संविधान रचयिता भीम राव अंबेडकर जी ने कहा था कि संविधान कितना भी बेहतर हो, लेकिन यदि उसको लागू करने वाले लोग बुरे हैं तो संविधान नाकामयाब हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से संविधान को मनाने व रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पिपरा विधायक श्याम बाबू यादव, गोविंदगंज विधायक सुनीलमणि तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज रंजन पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, उप महापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद, महामंत्री योगेंद्र प्रसाद, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मीना मिश्रा, मनोज पासवान, जगजीवन पासवान, बबलू पासवान, कृष्णा राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।