गणतंत्र दिवस पर बिहार पुलिस के नौ अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

पटना

पटना, अशोक “अश्क” गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर बिहार पुलिस के नौ अधिकारियों को उनकी विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित अधिकारियों में अपर पुलिस महानिदेशक, डीएसपी, कमांडेंट, एसपी, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई शामिल हैं। विशिष्ट सेवा के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कस्सी सुहिता अनुपम और डीएसपी अनिल कुमार को राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा।

इनके अलावा, सराहनीय सेवा के लिए कमांडेंट हरि मोहन शुक्ला, एसपी संजय कुमार, एसपी मनोज कुमार, सब-इंस्पेक्टर जय प्रकाश, संजीत कुमार, शशिकांत और एएसआई अमितेश कुमार उपाध्याय को सम्मानित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पदक उनके उत्कृष्ट कार्य, अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी, और समाज की सुरक्षा में अद्वितीय योगदान के लिए दिया जाता है।

सेवा में उल्लेखनीय प्रदर्शन और कर्तव्य के प्रति समर्पण के आधार पर ही इन पदकों का चयन किया जाता है। राष्ट्रपति पदक दो श्रेणियों में दिए जाते हैं। पहला विशिष्ट सेवा पदक यह पदक उन पुलिसकर्मियों को दिया जाता है जिनका सेवा रिकॉर्ड विशेष रूप से प्रशंसनीय और प्रतिष्ठित होता है। इस श्रेणी में इस बार बिहार से कस्सी सुहिता अनुपम और अनिल कुमार को सम्मानित किया जा रहा है।

दूसरा सराहनीय सेवा पदक यह पदक उन पुलिसकर्मियों को दिया जाता है जो संसाधनों के सीमित होने के बावजूद समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से सेवा करते हैं। इस श्रेणी में बिहार के सात पुलिसकर्मी चयनित हुए हैं। गणतंत्र दिवस 2025 के मौके पर देशभर में 101 पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा पदक और 746 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक दिया जा रहा है।

बिहार से सम्मानित होने वाले नौ अधिकारी इस सूची का हिस्सा हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। बिहार पुलिस के ये अफसर न केवल राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से समाज में विश्वास बहाल किया है। यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राष्ट्रपति पदक पाने वाले इन पुलिसकर्मियों की उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे बिहार पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत है।