महाशिवरात्रि पर गंडक आरती बनेगी मुख्य आकर्षण

समस्तीपुर

समस्तीपुर, अशोक “अश्क” महाशिवरात्रि के अवसर पर इस वर्ष बाबा गंडकीनाथ धाम के निकट गोला घाट पर गंगा आरती की तर्ज पर गंडक आरती का भव्य आयोजन होगा। यह महाशिवरात्रि महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष कुमार सहनी उर्फ छोटू ने बताया कि इस आरती का आयोजन बनारस से पधारे छह विद्वान पंडितों की टीम द्वारा किया जाएगा।

गोला घाट के तट को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंडक आरती संपन्न होगी। इसके अलावा, शिव विवाह कार्यक्रम की तैयारियां भी जोरों पर हैं। बाबा गंडकीनाथ धाम सेवा समिति ट्रस्ट ने इस वर्ष महाशिवरात्रि महोत्सव को विशेष बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

नव निर्मित माता पार्वती मंदिर और बाबा गंडकीनाथ मंदिर को कोलकाता से मंगाए गए मौसमी फूलों से सजाया जाएगा। संपूर्ण रोसड़ा शहर को रंगीन बल्बों की झालरों से जगमग किया जा रहा है। बारात रूट में सड़कों के दोनों ओर झालरें लगाई गई हैं और शहर में कई तोरण द्वार बनाए गए हैं। मंगलवार को बाबा के घृतढारी और मटकोर कार्यक्रम का आयोजन वैदिक एवं पारंपरिक रीति से किया जाएगा।

सोमवार को हल्दी रस्म अदा की गई, जिसमें महिलाओं की टोली ने पारंपरिक विवाह गीत गाए। शहर के गोला घाट, गायत्री मंदिर रोड, गांधी चौक आदि मोहल्लों में खास उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, शनिदेव मंदिर परिसर से भी भव्य बारात निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में भी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।