पटना, अशोक “अश्क” बिहार पहली बार नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की मेजबानी करने जा रहा है। 10 से 12 मार्च तक पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 500 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस चैम्पियनशिप में एथलेटिक्स की 12 विधाओं में प्रतिस्पर्धा होगी, और इसमें विजयी खिलाड़ियों में से कुछ को सऊदी अरब में 15 से 18 अप्रैल तक होने वाली छठी एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित किया जाएगा।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0
नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 100, 200, 400, 1000 मीटर दौड़, 110 मीटर बाधा दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, 5 किलोमीटर वॉक और हेप्टाथलॉन जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक राज्य से हर स्पर्धा में दो ही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। कोई भी खिलाड़ी अधिकतम दो व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भाग ले सकता है।
प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ी शामिल होंगे। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि बिहार के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि पहली बार नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन हो रहा है।
उन्होंने कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात है। खेल विभाग और सरकार के निरंतर प्रयासों का ही नतीजा है कि अब बिहार में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। इस आयोजन से बिहार में खेलों को बढ़ावा मिलेगा और युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता बिहार के खिलाड़ियों के लिए भी अनुभव और उच्चस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का सुनहरा अवसर होगी।
नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 बिहार में खेलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस आयोजन से बिहार को राष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की नई पहचान मिलेगी और इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।