शिक्षा विभाग की डॉक्यूमेंट्री में समस्तीपुर के दो विद्यालयों को मिली जगह

समस्तीपुर

समस्तीपुर, अशोक “अश्क” तृतीय चरण के शिक्षक भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए पटना के गांधी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इस वृत्तचित्र में समस्तीपुर जिले के दो विद्यालयों को भी स्थान मिला है, जिससे जिले में हर्ष का माहौल है।

डॉक्यूमेंट्री में उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियां सूर्यकंठ और मध्य विद्यालय दलसिंहसराय की झलक देखने को मिली। इन स्कूलों को शामिल किए जाने पर जिले के नवनियुक्त शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस वृत्तचित्र का प्रदर्शन नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान किया गया, जिसमें बिहार सरकार की शिक्षा संबंधी उपलब्धियों को विस्तार से दिखाया गया।

फिल्म में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में हुए सुधार, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षण, आधारभूत संरचनाओं के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रमुखता से दर्शाया गया। जिले के इन विद्यालयों को राज्यस्तरीय डॉक्यूमेंट्री में स्थान मिलने से शिक्षा जगत में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

इससे अन्य विद्यालयों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे शैक्षणिक गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं में सुधार कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इस उपलब्धि को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने खुशी जताई और इसे जिले के शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत बताया।