मुजफ्फरपुर/ब्रह्मानन्द ठाकुर। मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के जिलों में इस बार 10 से 12 जून के बीच मानसून का आगमन हो सकता है। डाक्टर राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी डा. ए. सत्तार बताते हैं कि अभी तक बन रही परिस्थिति के अनुसार इस बार मानसून के पूर्णिया या किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश करने की सम्भावना है। इस बीच बुधवार एवं गुरुवार को मानसून पूर्व बारिश हो सकती है।
पिछले साल भी 15 जून से पूर्व ही मानसून का प्रवेश हो गया था। इधर, सोमवार को हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से गर्मी के साथ उमस बनी रही। इससे लोगों को अधिक गर्मी महसूस हुई। पिछले 24 घंटे की तुलना में दिन के तापमान में मामूली गिरावट हुई है। लेकिन रात के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
दिन का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। पूरे दिन आठ किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में पुरवा हवा चली। आर्द्रता सुबह 84 तो दोपहर दो बजे 68 फीसदी रही।
यह भी पढ़ें…