अशोक “अश्क” बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से शनिवार शाम अचानक गायब हुई तीन लड़कियाँ दिल्ली में बरामद की गईं। इन लड़कियों के परिजन उन्हें वापस लाने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं। यह घटना सिकंदरपुर और मोतीझील क्षेत्र की एक युवती और दो किशोरियों के गायब होने से जुड़ी हुई है। स्थानीय पुलिस ने उनके दिल्ली जाने का सुराग पाया और इसके बाद रेल पुलिस को सूचित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये तीनों लड़कियाँ शनिवार शाम अपने घरों से लापता हो गईं।

परिवारवालों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और उनकी खोज शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये लड़कियाँ दिल्ली जा रही एक ट्रेन में सवार हुई थी। रेल पुलिस ने ट्रेन में बगैर टिकट के तीनों लड़कियों को पकड़ लिया। उन्हें दिल्ली में ट्रेन से उतार कर पूछताछ की गई।
शक होने पर पुलिस ने उनके अभिभावकों से संपर्क किया और उनके परिजनों को सूचित किया। सुराग मिलने के बाद, सिकंदरपुर थानेदार रमण राज ने पुष्टि की कि दो किशोरियाँ और एक युवती, जो सिकंदरपुर और मोतीझील की रहने वाली थीं, अब दिल्ली में सुरक्षित है। थानेदार के अनुसार, परिजन उन्हें जल्द ही दिल्ली से लेकर वापस आ रहे हैं और उन्होंने FIR दर्ज न करने का अनुरोध किया है।
पुलिस ने भी मामले को हल करने के लिए उनके अभिभावकों को जरूरी सहायता प्रदान की। यह घटना बीते साल हुई एक अन्य घटना की याद दिलाती है, जब सिकंदरपुर इलाके के बालूघाट और योगियामठ की तीन किशोरियाँ अचानक गायब हो गई थी।
काफी समय बाद, इन तीनों के शव मथुरा में रेल ट्रैक पर मिले थे, लेकिन अभी तक उनकी मौत और गुमशुदगी के मामले का रहस्य सुलझा नहीं पाया है। यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अब इस नए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि ऐसी घटनाएं भविष्य में न घटित हो।