नालंदा: आसा पार्टी पूरे बिहार में जन-जन तक अपनी नीतियों और विचारों को पहुंचाएगी: आरसीपी सिंह

नालंदा

बिहारशरीफ/ अविनाश पांडेय: रविवार को बिहारशरीफ शहर के सोगरा कॉलेज मैदान में आप सबकी आवाज (आसा) पार्टी का बिहारशरीफ विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता एवं संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिपिन कुमार यादव ने किया। इसकी शुरुआत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण, प्रतीक चिन्ह और सॉल देकर स्वागत किया। बिहारशरीफ में पहली बार आयोजित आसा पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी। कार्यकर्ताओं ने आरसीपी सिंह का जोशीला स्वागत किया।

इसके बाद गाजे-बाजे और हजारों मोटरसाइकिलों के साथ एक विशाल जुलूस सम्मेलन स्थल तक पहुंचा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिपिन कुमार यादव ने सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आसा पार्टी मात्र तीन महीनों में पूरे बिहार में एक मजबूत संगठन खड़ा कर चुकी है और आगामी चुनाव मजबूती से लड़ेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर गरीबों, किसानों, मजदूरों और पिछड़ों की आवाज थे। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए एक साधन माना।

उनका सिद्धांत था—राजनीति में सेवा भाव होना चाहिए, न कि स्वार्थभाव। श्री सिंह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी की नीतियां आज भी प्रासंगिक हैं, और आसा पार्टी उन्हीं के सिद्धांतों पर चलकर बिहार में एक नया राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कर्पूरी जी की तरह हमें भी जनता की सेवा को ही अपनी प्राथमिकता बनानी होगी।

आरसीपी सिंह ने बिहारशरीफ से चुनावी बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव अब निश्चित है और इस बदलाव की अगुवाई आसा पार्टी करेगी। अपने जोशीले भाषण में उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चुनाव एक युद्ध की तरह है और इसमें हर कार्यकर्ता एक योद्धा है।

हमें हर बूथ को एक दुर्ग की तरह मजबूत बनाना होगा, तभी जीत पक्की होगी। उन्होंने कहा कि आसा पार्टी हवा में नहीं, बल्कि जमीन पर मजबूती से खड़ी है। बहुत कम समय में पार्टी ने प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत कर लिया है और जल्द ही पंचायत और बूथ स्तर पर भी पूरी ताकत से उतरेगी। उन्होंने अपने प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे पास 40 वर्षों का अनुभव है, मैंने बड़े पदों पर काम किया है, संगठन चलाया है और पूरे बिहार का दौरा किया है।

मुझे हर गांव, हर प्रखंड की स्थिति का पता है, इसलिए यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिहारशरीफ को स्मार्ट सिटी का दर्जा तो दे दिया, लेकिन हकीकत यह है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर यहां की जनता को और ज्यादा परेशानियों में डाल दिया गया है।

आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर करारा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि अब नीतीश कुमार की स्थिति पहले जैसी नहीं रही, उनका इकबाल खत्म हो चुका है और वे स्वतंत्र रूप से कोई निर्णय लेने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अब कोई भी बड़ा फैसला अपने दम पर नहीं ले सकते, बल्कि उन्हें इन चुनिंदा लोगों के इशारे पर चलना पड़ रहा है।

राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि आज बिहार में अपराध अपने चरम पर है। बिहार में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और लाखों युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, जो सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे सकती, वह जनता की भलाई के लिए क्या करेगी? आरसीपी सिंह ने ऐलान किया है कि जब आसा की सरकार बनेगी, तब शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि को प्राथमिकता दी जाएगी।

बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए सरकार हर छात्र के खाते में एकमुश्त राशि भेजेगी, ताकि पैसे की कमी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर महिला को मासिक सहायता दी जाएगी, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत होकर समाज में अपनी भूमिका मजबूती से निभा सकें।

किसानों के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत जितनी राशि केंद्र सरकार किसानों को देती है, उतनी ही राशि राज्य सरकार भी देगी। बिहार की मौजूदा समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य बेरोजगारी, पलायन और औद्योगिक विकास की कमी से जूझ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर उनकी सरकार बनती है तो इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बिहारशरीफ विधानसभा प्रभारी मुन्ना सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहारशरीफ में बदलाव की लहर स्पष्ट रूप से दिख रही है तभी तो हमारे सम्मेलन को रद्द करने की साजिश रची गई, लेकिन विरोधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके, सम्मेलन में उमड़े जनसैलाब ने साजिशकर्ताओं ने जवाब दे दिया है। बिहारशरीफ जाम की समस्या से तबाह है, स्मार्ट सिटी के नाम पर पूरे शहर को गड्ढों में बदल दिया गया है।

लेकिन जब आसा की सरकार बनेगी, तो बिहारशरीफ को सुसज्जित और जाम-मुक्त शहर बनाएंगे। उनकी उदासीनता ने बिहारशरीफ को विकास के मामले में फिसड्डी बना दिया है। अब समय आ गया है कि बिहारशरीफ को बदला जाए और इसे एक विकसित महानगर बनाया जाए। सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरें और जनता तक पार्टी की नीतियां और विकास का विजन पहुंचाएं।

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह पटेल ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चार लोगों ने हाईजैक कर लिया है। कार्यकर्ता सम्मेलन में कई अन्य राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस मौके पर नारी शक्ति की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ललिता, प्रदेश अध्यक्ष जयंती पटेल, राष्ट्रीय महासचिव माणिकचंद कुशवाहा, प्रदेश महासचिव अनीता शर्मा, विशन कुमार बिट्टू, छात्र शक्ति प्रदेश अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी,

प्रदेश उपाध्यक्ष रियाजुल हक, जमील शाह, प्रदेश महासचिव आसमा प्रवीण, रंजीत प्रभाकर, भगीरथ कुशवाहा, प्रवीण चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव विनोद मुखिया, मुन्ना हसन, लवकिशोर निषाद, जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, अरविंद घोष, बिहारशरीफ महानगर अध्यक्ष महेश कुशवाहा सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।