नीलगायों के आतंक से सकरी नदी के किनारे बसे सात पंचायतों की किसान परेशान,रबी फसलों को कर रहे बर्बाद

नवादा

नवादा(रवीन्द्र नाथ भैया) जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के पश्चिमी दिशा के सकरी नदी से सटे सात पंचायतों के किसान नीलगायों के आतंक से परेशान हैं। किसानों के खेत में लगी लहलहाती फसलों को नीलगाय काफी नुकसान पहुंचा रही है। वन विभाग के लापरवाही के कारण लगाया गया फसल नीलगायों द्वारा नुकसान किया जा रहा है। प्रखंड मुख्यालय के पश्चिम विभिन्न सात पंचायतों के गांवों में नीलगाय दिन के उजाले में फसल को नष्ट करते देखा जाना आम बात हो गई है।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0

किसान कानून के भय से नीलगायों के साथ किसी प्रकार के अनहोनी करने से डरते हैं, लेकिन वन विभाग को सूचना रहने के बाद भी इसपर काबू नहीं पाया जाता है। फलतः नीलगाय खेतों में लगी रबी की फसलों में गेहूं, मसूर, खेसारी, चना तथा आलू आदि फसलों को नुकसान करने में लगे हैं। ग्राम पंचायत बरनावा, सौर, पैंगरी, मंजौर, मकनपुर तथा कोंचगांव के अलावा दोसुत आदि पंचायत के दर्जनों गांवों के बधार में दिन के उजाले में दर्जनों की संख्यां में नीलगायों के झुंड को विचरण करते देखा जाता है।

दर्जनों की संख्या में नीलगाय झूंड बनाकर जिस खेत में घुसते हैं, उस खेत के अधिकांश फसल को बर्बाद कर देती है। किसानों द्वारा महंगाई के इस दौर में रबी, तेलहन तथा दलहनी फसलों की बीज को खेतों में खाद पानी देकर तैयार किया जाता है, जिससे किसान अपने परिवार का पालन पोषण एवं पढाई लिखाई का भी खर्च निकाल सकें, लेकिन महीनों का परिश्रम नीलगायों द्वारा घंटों में फसल नष्ट कर समाप्त कर दे रही है।

मकनपुर के किसान अभिमन्यु सिंह, बिपिन सिंह, रिझो राम, कपिलदेव सिंह, बिजेंद्र रविदास, राजू सिंह तथा इंद्रदेव सिंह आदि ने कहा कि एक तरफ सरकार द्वारा नीलगायों के साथ किसी प्रकार के अनहोनी करने पर जेल तक जाने का प्रावधान किया गया है, तो दूसरी तरफ नीलगायों के द्वारा किये जा रहे फसल बर्बाद पर सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। वन विभाग के अधिकारी नीलगायों को क्षेत्र से पकड़कर जंगल में नहीं ले जाते हैं। फलतः किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है।

कहते हैं कृषि अधिकारी:-
प्रखंड कृषि पदाधिकारी पवन कुमार कहते हैं कि नीलगायों से फसलों की बर्बादी होती है। इस संबंध में जिले के वरीय अधिकारियों को अबगत कराया गया है, जिसे अभी तक अमल में नहीं लाया गया है, इसबार फिर बैठक में समस्या रखी जायेगी।