Muzaffarpur/Befoteprint: उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन से मुजफ्फरपुर के समाजवादी भी मर्माहत हैं। उनका बिहार और मुजफ्फरपुर से गहरा लगाव था। यहां उन्होंने जनसभा भी की थी। आज भी कई लोगों को उनकी बातें याद हैं। मुलायम सिंह की पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके गायघाट के पूर्व विधायक महेश्वर यादव उनके निधन की सूचना से काफी मर्माहत हैं। उन्होंने कहा है कि वे कार्यकर्ताओं को बहुत सम्मान देते थे। बिहार से उनका गहरा लगाव था। वे सच्चे अर्थ में गरीबों के हितैषी थे।
बीते दिनों को याद करते हुए वे कहते हैं, 2004 में मुजफ्फरपुर के बीवी कॉलेजिएट स्कूल में मुलायम सिंह ने जनसभा की थी। वे उनके आवास पर भी गये थे। वहां उन्होने भोजन किया था। महेश्वर जी उनके भोजन के पसंद की बाबत बताते हुए कहते हैं कि वे केवल गेहूं की रोटी नहीं खाते थे। उन्हें मिस्सी रोटी पसंद थी।
मिस्सी रोटी यानि चना, जौ, बाजरा आदि के आटे से तैयार की गई रोटी। जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने बाजार से इस तरह का आटा मंगाकर रोटी बनवाई थी। उसके बाद मुलायम सिंह बड़े प्रेम से रोटी, दही और सब्जी खाए थे। घर में सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया था। यह बताते हुए कभी उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके महेश्वर यादव अतिशय भावुक हो जाते हैं।