Patna, Beforeprint : अभी तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्या का निवारण करते आ रहे थे। अब आरजेडी भी उनकी राह पर चल निकली है। पार्टी का भी जनता दरबार लगेगा। इसकी शुरुआत आज यानी मंगलवार से होने जा रही है। पार्टी के वीरचंद पटेल मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय में दो विभागों के मंत्री जनसुनवाई करेंगे पार्टी के प्रधान महासचिव और राजस्व एवं भूमि सुधार तथा गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री आलोक कुमार मेहता ने इस पर पहले ही सूचना जारी कर दी थी।

उन्होंने बताया था कि आरजेडी के तत्वावधान में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव के सुझाव के अनुरूप 22 नवंबर से जनता दरबार कार्यक्रम शुरू होगा। इसके लिए दिन में एक बजे से तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। जनता दरबार आरजेडी के प्रदेश कार्यालय में लगाया जाएगा।
मंगलवार को राजस्व एवं भूमि सुधार तथा गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री आलोक कुमार मेहता और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री मोहम्मद इसराइल मंसूरी अपने अपने विभाग से जुड़ी जन सरोकार की फ़रियाद सुनेंगे। जिससे जनता की समस्या सुनकर उसका निवारण किया जा सके।