भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष फरवरी में तय होगा, कई नामों पर चर्चा

पटना

पटना, अशोक “अश्क” भारतीय जनता पार्टी अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष का चुनाव 10 से 20 फरवरी के बीच हो सकता है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, जिनका कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त हो गया था, फिलहाल पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। लोकसभा चुनावों को देखते हुए उनके कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ा दिया गया था।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0

भाजपा के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्यों की इकाइयों को अपने संगठनात्मक चुनाव पूरे करने होंगे, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन होगा। अब तक केवल चार राज्यों ने अपने राज्य अध्यक्षों के चुनाव पूरे किए हैं। पार्टी नेताओं ने भरोसा जताया है कि यह प्रक्रिया तय समय में पूरी हो जाएगी। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में कई बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।

इनमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिवराज सिंह चौहान और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े शामिल हैं। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी चर्चाओं में है। हालांकि, आधिकारिक रूप से पार्टी ने किसी नाम की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों का कहना है कि विनोद तावड़े, धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव इस पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

तीनों नेताओं को पार्टी के भीतर उनके अनुभव और कार्यशैली के लिए जाना जाता है। भूपेंद्र यादव राजस्थान से हैं, धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा से आते हैं और विनोद तावड़े महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। तीनों को गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष वही व्यक्ति बन सकता है, जो कम से कम 15 वर्षों से पार्टी का सक्रिय सदस्य हो।

अध्यक्ष का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत की सहमति से होगा। भाजपा ने पिछले दशकों में कई अनुभवी नेताओं को संगठन की कमान सौंपी है। 2010-2013 तक नितिन गडकरी, 2005-2009 और 2013-2014 तक राजनाथ सिंह, और 2014-2020 तक अमित शाह इस पद पर रह चुके हैं। अब सभी की नजरें नए अध्यक्ष के नाम पर टिकी हैं, जो पार्टी को आगामी चुनावों में नेतृत्व प्रदान करेगा।