डेस्क/ विक्रांत। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जगजीवन स्टेडियम, खगौल में दानापुर रेल मंडल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी द्वारा झण्डोत्तोलन किया गया।तत्पश्चात रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट्स एवं गाईड्स के द्वारा की गई परेड की सलामी मंडल रेल प्रबंधक,दानापुर द्वारा ली गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा एवं मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर द्वारा शांति और सद्भावना के प्रतीक के रूप में आसमान में गुब्बारे उड़ाकर शुभकामना व्यक्त की।
बाद में मंडल सांस्कृतिक संघ द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शालिनी चौधरी,अध्यक्षा/महिला कल्याण संगठन, दानापुर सहित अन्य महिला सदस्य भी उपस्थित रही, साथ ही अपर मंडल रेल प्रबंधक ( इन्फ्रा) एवं (परिचालन) सहित मंडल के सभी अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
मौके पर जयंत कुमार चौधरी,मंडल रेल प्रबंधक एवं शालिनी चौधरी,अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन, दानापुर के द्वारा मंडल रेल अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच पहुँचकर उपहार वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार/वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा किया गया. संध्या समय पटना जं. स्टेशन पर लेजर शो का आयोजन किया गया. स्वतंत्रता सेनानियों और दानापुर मंडल की राष्ट्र सेवा के 100 वर्षों को याद किया गया।
आधारभूत संरचनाओं का विकास
किऊल-गया सेक्शन के वारसलीगंज से नवादा तक लगभग 18 किलोमीटर लंबी अप लाइन के दोहरीकरण का कार्य इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग के साथ पूरा किया गया। करनौती स्टेशन से बख्तियारपुर लिंक केबिन स्टेशन के बीच लगभग 4.2 किलोमीटर लंबी रेल ओवर रेल (ROR) का निर्माण किया गया। बिहटा में यात्रियों की सुविधा के लिए एक पैदल उपरिगामी पुल (FOB) का निर्माण किया गया। किऊल और बडहिया के बीच अशोकधाम में ब्लॉक स्टेशन स्थापित किया गया जिसमें इलेट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की व्यवस्था भी स्थापित की गई है।पटना जंक्शन प्लेटफार्म सं. 1 पर एक आरपीएफ ऑफिस एवं बैरक का निर्माण किया गया.
स्वदेश में निर्मित विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेल की पहचान बन रही है। हमें गर्व है कि 3 वंदे भारत ट्रेन की सौगात दानापुर मंडल को मिली है और इसका संचालन एवं अनुरक्षण मंडल द्वारा किया जा रहा है। यात्री सुविधा में बढ़ोत्तरी के लिए वित्तीय वर्ष के दौरान 40 जगहों पर यात्री गाड़ियों का ठहराव दिया.यात्रियों के भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा हेतु 10,6,65 पूजा स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गई।
दानापुर स्टेशन के प्लेटफार्म सं. 01 तथा आरा स्टेशन पर लिफ्ट लगाया गया। इस्लामपुर-नटेसर सेक्शन के बीच सेक्शलन स्पीड को 60 किलोमीटर से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रतिघंटा किया गया. दानापुर मंडल पर्यावरण एवं उर्जा संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में दानापुर डिपो में Condemned किये गए कोच में बायो-टॉयलेट अपशिष्ट जॉच हेतु एक लैब स्थापित किया गया है। जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्बोनिक पदार्थों के नमूनों की जाँच की जा रही है।
हरित पर्यावरण एवं शुद्ध और स्वच्छ वातावरण हेतु पूरे मंडल में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष में लगभग 91,500 वृक्ष लगाये गये हैं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन आहत के तहत 87 बच्चों को मानव तस्करों के चंगुल से बचाया गया तथा कुल 35 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया।ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने 174 मामलों का उद्भेदन किया, जिसमें 232 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई।
ऑपरेशन दूसरा के तहत रेल अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत कुल 2494 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें सभी व्यक्तियों से लगभग 25 लाख रूपया जुर्माना के रूप में वसूल किया गया.प्रतिकूल भौगोलिक तथा दुर्घटना वाले स्थानों पर तत्काल राहत व बचाव कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराये जाने हेतु 02 ड्रोन को दुर्घटना राहत गाड़ी में शामिल किया गया है. गंभीर बीमारी या आकस्मिक दुर्घटना के मामले में कर्मचारी कल्याण कोष से कुल 112 कर्मचारियों को 25,80,000/- (पचीस लाख अस्सी हजार रूपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।