हेमंत कुमार/पटना: भाजपा बिहार विधान परिषद के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, मोहनलाल गुप्ता और अनामिका सिंह को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। मोहनलाल मुंगेर जिला भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। अनामिका पार्टी की तेजतर्रार महिला नेता हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के दलित चेहरा डा संजय पासवान बेटिकट कर दिये गये हैं। उनके बेटे गुरु प्रकाश को भी टिकट नहीं दिया गया है। गुरुप्रकाश पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं । पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का भी टिकट कट गया है। उम्मीद की जा रही है कि पार्टी उन्हें लोकसभा चुनाव में आजमा सकती है।
बिहार विधानसभा कोटे से विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव होने जा रहा है। संख्या बल के लिहाज से एनडीए के खाते में 6 और महागठबंधन के हिस्से पांच सीटें आयी हैं। महागठबंधन से राजद की राबड़ी देवी, उर्मिला ठाकुर,अब्दुल बारी सिद्दीकी और सैयद फैसल अली जबकि भाकपा माले की शशि यादव उम्मीदवार बनाती गयी हैं।
जेडीयू से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, खालिद अनवर और हम से संतोष सुमन का नामांकन हो चुका है। भाजपा कोटे की तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होने का इंतजार किया जा रहा था। पार्टी ने शनिवार को नामों की घोषणा कर दी। लेकिन इस सूची में मोहनलाल गुप्ता और अनामिका सिंह दोनों के नाम चौंकाने वाले हैं। चर्चा थी कि शाहनवाज और मंगल को दुबारा परिषद भेजा जायेगा। जबकि डा संजय पासवान की जगह उनके पुत्र को आजमाया जायेगा।
लेकिन सूची जारी होते ही उन कयासों पर विराम लग गया है।पटना विश्वविद्यालय में प्राध्यापक रहे डा पासवान अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में मंत्री बनाये गये थे। तब वह नवादा( सुरक्षित) सीट से सांसद थे। साल 2004 का चुनाव हारने के बाद डा पासवान कई पार्टियों में गये। भाजपा में वापसी के बाद 2017 में उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया गया था। अब उनकी नयी पीढ़ी भाजपा में है। उनके पुत्र गुरु प्रकाश भाजपा के तेज़-तर्रार प्रवक्ता हैं। संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले गुरुप्रकाश विधानपरिषद के लिए संघ की पसंद बताये जा रहे थे।