राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की दो दिवसीय यात्रा, ट्रैफिक में बदलाव, कई सड़कों पर वाहन प्रतिबंधित

पटना

पटना, अशोक “अश्क” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार, 25 फरवरी को अपनी दो दिवसीय यात्रा पर पटना पहुंचेगी और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। इस दौरान उनके कारकेड के गुजरने तक आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पटना ट्रैफिक पुलिस ने 25 और 26 फरवरी को कुछ खास मार्गों पर यातायात प्रतिबंध की घोषणा की है।

खासकर एयरपोर्ट, अटल पथ, जेपी गंगा पथ और राजभवन जाने वाले रास्तों पर विशेष प्रबंधन किया गया है। ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि 25 फरवरी को सुबह 11 बजे से पटेल गोलंबर से हवाई अड्डे की ओर आम वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

इसके अलावा, राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान डुमरा टीओपी से नेहरू पथ, अटल पथ, दीघा गोलंबर, जेपी गंगा पथ, आयुक्त कार्यालय, चिल्ड्रेन पार्क होते हुए बापू सभागार तक का रास्ता और पटेल गोलंबर से हवाई अड्डा मार्ग पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक एसपी ने हवाई यात्रियों से अपील की है कि वे संभावित यातायात व्यवधान को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के लिए पहले ही रवाना हों।

इस दौरान पुलिस आम वाहनों को जब्त कर सकती है, इसलिए लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पटना आगमन के बाद बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। उनके काफिले के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर आधे घंटे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

26 फरवरी को भी सुबह 9 बजे से राजभवन से एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पर कुछ समय के लिए आम वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। पटना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें और अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें।

प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और निर्धारित समय से पहले गंतव्य पर पहुंचने की सलाह दी है। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पटना पुलिस पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था संभाल रही है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।