समस्तीपुर, अशोक “अश्क” जिले के सिंघिया प्रखंड क्षेत्र में चल रहे पीएम आवास सर्वेक्षण कार्य में धांधली और अवैध वसूली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को विष्णुपुर डीहा पंचायत के लोगों ने पंचायत से जुलूस निकालकर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पंचायत मुखिया ललित राम, आवास सहायक सीमा कुमारी और विकास मित्र कमलेश्वर सरदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे बिरजू कुमार ने बताया कि वे सभी चौपाल जाति से आते हैं और रहने के लिए उनके पास घर नहीं है। अधिकतर लोग मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं और महादलित वर्ग से आते हैं, लेकिन आवास सहायक और विकास मित्र उन्हें सर्वेक्षण सूची में बाद में जोड़ने की बात कह रहे हैं। उनका आरोप है कि जिनके पास पहले से पक्का मकान है, वे पैसे देकर अपना नाम जुड़वा रहे हैं, जबकि असली जरूरतमंदों को अनदेखा किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में रणवीर चौपाल, सूरज चौपाल, नरेश चौपाल और सुनीता देवी समेत कई ग्रामीण शामिल थे। इस संबंध में पंचायत मुखिया ललित राम ने कहा कि आरोप गलत हैं और सभी जरूरतमंदों का नाम जल्द जोड़ा जाएगा। वहीं, आवास सहायक सीमा कुमारी ने वसूली के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि लोगों का नाम नि:शुल्क जोड़ा जा रहा है।