डीआरएम ने किया दलसिंहसराय रेल गुमटी का निरीक्षण, जाम की समस्या के समाधान पर चर्चा

समस्तीपुर

समस्तीपुर, अशोक “अश्क” सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम विवेक भूषण सूद ने शनिवार को दलसिंहसराय शहर स्थित 32 और 33 नंबर रेल गुमटी तथा आसपास की सड़कों का निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने की सूचना से स्थानीय रेलकर्मियों में हलचल मच गई।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने विशेष रूप से दलसिंहसराय से रोसड़ा जाने वाली सड़क पर स्थित 32 और 33 नंबर रेल गुमटी पर लगने वाले जाम और उससे निजात पाने के तात्कालिक उपायों पर ध्यान केंद्रित किया।

इस दौरान एसडीओ प्रियंका कुमारी और एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। एसडीओ प्रियंका कुमारी ने बताया कि 32 नंबर रेल गुमटी पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए 32 नंबर से 33 नंबर, 33 नंबर से वीआईपी कॉलोनी और ब्लॉक रोड होते हुए वैकल्पिक मार्ग तलाशे जा रहे हैं।

रेल अधिकारियों ने इन संभावित उपायों पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने साथ चल रहे रेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। स्थानीय प्रशासन और रेल अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से जाम की समस्या के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।