दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर के अभद्र व्यवहार पर विरोध, ओपीडी सेवा ठप

समस्तीपुर

समस्तीपुर, अशोक “अश्क” जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर अमित कुमार के कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी, जीएनएम और डॉक्टर धरना पर बैठ गए। इस विरोध के कारण ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से ठप रहीं, जिससे दूर-दराज से इलाज के लिए आए मरीजों को बिना उपचार के लौटना पड़ा।

अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने थानाध्यक्ष को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार रात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र सिंह ने उन्हें ड्यूटी पर बुलाया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर अमित कुमार ने गाली-गलौज करते हुए कैंची से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल कर्मियों के हस्तक्षेप से उनकी जान बची।

अस्पताल कर्मियों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर अमित कुमार का अभद्र व्यवहार नया नहीं है। कर्मियों ने पहले भी इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की थी। जीएनएम और अन्य कर्मचारियों ने बताया कि डॉक्टर अमित अक्सर उनके कक्ष में आकर गाली-गलौज करते हैं। गुरुवार रात उन्होंने ड्यूटी को लेकर सवाल किया और जवाब मिलने के बावजूद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

घटना के विरोध में धरना दे रहे कर्मियों को मनाने के लिए प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र सिंह ने कई प्रयास किए, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डॉक्टर अमित कुमार पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रभारी चिकित्सक डॉ. रामचंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। प्रदर्शन के कारण अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं दिनभर बाधित रहीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।