समस्तीपुर, अशोक “अश्क” जिले के पूसा थाना क्षेत्र में ठगी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। श्रीरामपुर अयोध्या गांव में खुद को सरकारी सर्वे कर्मी बताकर आए बदमाशों ने एक महिला को चकमा देकर उसकी सोने की चेन चुरा ली और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, पीड़िता सीता देवी ने इस घटना की शिकायत पूसा थाने में दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार को दो बदमाश बुलेट बाइक पर सवार होकर महिला के घर पहुंचे। उन्होंने खुद को सरकारी कर्मी बताते हुए कहा कि वे किसी सरकारी योजना के तहत सर्वे कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महिला की फोटो लेने के बहाने उसे गले से सोने की चेन निकालने को कहा।
महिला उनकी बातों में आ गई, लेकिन जैसे ही उसने चेन उतारी, बदमाशों ने चकमा देकर चेन लेकर भाग निकले। घटना के बाद महिला ने तुरंत परिवार को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूसा थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जाएगी।