चलंत दरिद्र नारायण भोज का भी किया आयोजन

बगहा/ जेपी श्रीवास्तव। पुलिस जिला स्थित वाल्मीकिनगर – भारत नेपाल सीमा पर अंतरराष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान एवं नेपाल के धर्मपाल गुरु वशिष्ठ जी महाराज के संयुक्त सहयोग से दो दिवसीय विशेष चलंत दरिद्र नारायण भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसका शुभारंभ नेपाल गंडकी प्रदेश के बी गैप बांध से किया गया। जहां लावारिस दिव्यांग महिला पुरुषों को भोजन कराने से पूर्व भोजन मंत्र का पाठ धर्मपाल गुरु वशिष्ठ जी महाराज , डी. आनंद एवं संगीत आनंद ने समवेत स्वर में किया। विश्व शांति हेतु शांति मंत्र का पाठ भी किया गया। तत्पश्चात रानी नगर यात्री प्रतीक्षालय में भोजन वितरित किया गया। त्रिवेणी धाम नेपाल होते हुए यह सजसेवियों की टोली भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंची। जहां गोल चौक, 3आरडी, टंकी बाजार, हवाई अड्डा, ठाढी, हवाई अड्डा, गंडक बराज, छाता चौक आदि क्षेत्रों में विचरण करने वाले लावारिस दिव्यांग स्वादिष्ट शाकाहारी भोजन से लाभांवित हुए। पनीर दाल ,सब्जी ,खीर, पकौड़ी आदि व्यंजन परोसा गया।
संस्था के संस्थापक डी.आनंद ने बताया कि कोई भूखा न रहे ऐसी हमारी सोच है। लावारिस दिव्यांग जनों को, भूल भटके लोगों को उनके परिजनों से मिलवाना भी हमारा उद्देश्य है। संस्था के एम.डी संगीत आंनद ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। धर्मपाल वशिष्ठ महाराज ने कहा कि समय समय पर वशिष्ठ डेयरी उद्योग नेपाल द्वारा भी स्वरांजलि सेवा संस्थान के इस पुनीत कार्य में तन मन धन से सहयोग दिया जाता है । विदित हो कि 14 नवंबर 2012 से भारत नेपाल सीमा पर घूम घूम कर हर दिन सुबह शाम ऐसे लावारिस दिव्यांग जनों को नि:शुल्क भोजन दिया जाता है। अब तक दर्जनों भूले भटके एवम् मानसिक बीमारों को उनके परिजनों से मिलवाया जा चुका है। धर्मपाल गुरु वशिष्ठ ने बताया कि पेट की आग सबसे भयंकर होती है। समय से भोजन नहीं मिलने से ये दिव्यांग बेकाबू हो जाते हैं।
सभी विक्षिप्तों को भोजन के पश्चात दक्षिणा भी दी गई। इनके उत्तम स्वास्थ्य की भी कामना की गई। लगभग 10 वर्षों से घंटी बजा बजा कर नियमित रुप से ऐसे लोगों को भोजन देना इनकी सेवा करना, ठंढ में गर्म कपड़े देना, इनका ख्याल करना सचमुच एक चुनौती पूर्ण कार्य है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष शिवचंद्र शर्मा, लेखक सच्चिदानंद सौरभ, धुरंधर मिश्र, यश प्रकाश, सदस्य विजय कुमार, अभिनेता उदय नारायण, गायक विजय प्रकाश, डॉक्टर संजय प्रसाद, अनमोल कुमार,और राजेश यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह भी पढ़े..