अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी ने किया नारी शक्ति को नमन, महिलाओं को संभालने दी सोशल मीडिया कमान

दिल्ली

अशोक “अश्क” अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत ने गर्व और सम्मान के साथ नारी शक्ति का उत्सव मनाया। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट किया। और उन्होंने लिखा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी को बधाई! आज हम महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान का जश्न मनाते हैं। हम महिलाओं के अधिकारों, समानता और सशक्तिकरण के लिए ठोस प्रयास करने का भी संकल्प लेते हैं।

हमारी बहनें और बेटियां कांच की छतें तोड़ रही हैं और सीमाओं को लांघ रही हैं। आइए, हम महिलाओं को उनकी यात्रा में समर्थन देने का संकल्प लें, यह सुनिश्चित करते हुए कि कोई भी पीछे न छूटे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया एक्स के जरिए महिलाओं को शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने इस अवसर पर एक अनोखी पहल करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाओं को सौंपने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा, महिला दिवस पर हम अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज़ को उन महिलाओं की ओर से संभाला जाएगा, जो विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।

यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को महिलाओं ने संभाला हो। 2020 में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सात सफल महिलाओं को पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट चलाने का अवसर दिया गया था। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को वैश्विक मंच पर अपनी प्रेरणादायक कहानियां साझा करने का मौका देना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर महिलाओं को सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम महिलाओं के उत्थान और समानता को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित हैं। महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों को समर्थन देने जैसी कई योजनाओं के जरिए महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिला दिवस के मौके पर आयोजित इस पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत में नारी शक्ति को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।