पंजाब : भगवंत मान के साथ छह कैबनेट मंत्री लेंगे शपथ

Politics दिल्ली

स्टेट डेस्क/चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत सिंह मान बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक भगवंत मान के साथ हरपाल सिंह चीमा, सुनाम से अमन अरोड़ा, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवा, श्री आनंदपुर साहिब से हरजोत बैंस, राजपुरा से नीना मित्तल व अमृतसर से जीवनजोत कौर कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगी।

फिलहाल कैबिनेट का आकार छोटा ही रखा जाएगा बाद में विस्तार हो सकता है। भगवंत मान 12 मार्च को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शुक्रवार को मोहाली में आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से भगवंत मान को आम आदमी पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया। भगवंत मान ने कहा कि मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री नई कैबिनेट में होंगे। वे 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उससे पहले शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

भगवंत मान 16 मार्च को खटकड़कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके कई कैबिनेट सहयोगी मौजूद रहेंगे। खटकड़कलां में शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में पार्टी जल्द ही घोषणा करेगी। पार्टी के प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले 13 मार्च को अमृतसर में एक रोड शो का आयोजन भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…