सेंट्रल डेस्क/बीपी प्रतिनिधि। तिरुपति में 10 साल का एक बच्चा चार दिन तक घर में अपनी मां के शव के साथ रहा। उसने सोचा कि उसकी मां सो रही है। हर रोज लड़का स्कूल जाता था, खाना खाता था और रात में मां की लाश के पास सो जाता था। वह इस बात से अनजान था कि बिस्तर से गिर जाने के कारण उसकी मां की मौत हो चुकी है।
लड़के ने अपने मामा को फोन कर मां के शरीर से दुर्गंध आने की जानकारी दी तब शनिवार को चौंकाने वाली यह घटना सामने आई। 41 वर्षीया राज्यलक्ष्मी एक निजी कालेज में शिक्षिका थी। पति के साथ मतभेद के कारण दो वर्ष से वह विद्यानगर इलाके में किराये के फ्लैट में बेटे श्याम किशोर के साथ रह रही थी। मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा लड़का एक निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र है।

कर्नाटक से पीएचडी करने वाली राज्यलक्ष्मी नौ मार्च को अपनी डिग्री लेने के लिए बेलगावी जाने वाली थी। उसने चित्तूर जिले में रहने वाले अपने भाई दुर्गा प्रसाद को इसकी जानकारी दी थी। माना जाता है कि राज्यलक्ष्मी नौ मार्च की रात बिस्तर से गिर गई और सिर में चोट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। भांजे की सूचना पर दुर्गा प्रसाद पहुंचे तो अपनी बहन को मृत देखकर चौंक गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह स्वाभाविक मौत का मामला लग रहा है।
यह भी पढ़ें…