बिहार में कारखाना लगाने की घोषणा करने वाले, कारखाना गुजरात में लगाने लगे हैं: पीके

A/K Sharma : जन सुराज संवाद पदयात्रा के 20वें दिन प्रशांत किशोर सैकड़ों पद यात्रियों के साथ नरकटियागंज प्रखंड के टी पी वर्मा कॉलेज स्थित जन सुराज पदयात्रा शिविर से चलकर रामनगर प्रखंड पहुंचे। प्रशांत किशोर ने सुबह जन सुराज पदयात्रा की शुरुआत पश्चिम चम्पारण के नरकटियागंज प्रखंड के शिविर में प्रार्थना सभा से की। इसके बाद अंबेडकर चौक मंझरिया में जनप्रतिनिधियों और लोगों ने प्रशांत किशोर के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया। बिनवलिया पंचायत में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस दुर्दशा से आप लोग पीड़ित है उसे दूर करने का संकल्प लेकर निकले हैं। इसी क्रम में पदयात्रा क्रम में मलदहिया पोखरिया गांव से चलकर चमुआ, तौलाहा, धोकराहा, सोनखर, रामनगर पंचायत, अर्जुन विक्रम शाह स्टेडियम पहुंचा।

वहां प्रशांत किशोर समेत सभी पदयात्री भोज और विश्राम करेंगे। प्रशांत किशोर और उनके साथ चल रहे सैकड़ों पदयात्रियों ने लगभग 21 किमी पैदल तय किया। सिगरी बहुअरी गांव में लोगों को जन सुराज की सोच पर बात करते हुए प्रशांत किशोर ने ‘जन सुराज’ के विचार को विस्तार से बताते हुए कहा कि जन सुराज की सोच के साथ वो लोगों के साथ संवाद स्थापित करना चाहते हैं। किशोर ने कहा कि वे अकेले बिहार को बदल दें, ऐसा नहीं है। ऐसा सोचने वाले गलत है। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि मजबूत लोग नहीं, सही लोगों को समाज में खोजने के लिए समाज में घूम रहे हैं।

सही लोगों के एक साथ आने पर ही बिहार का सर्वांगीण विकास हो सकता है और उनका उद्देश्य यही है कि सभी सही लोगों को एक साथ एक मंच पर लाया जाए। सही लोगों की पहचान समाज को है, इसलिए समाज में जा रहे हैं। नरकटियागंज के लंगड़ा दिउलिया गांव में प्रशांत किशोर ने लोगों को संबोधित करते हुए, पहली बार भारत के प्रधानमंत्री पर हमला किया और कहा कि जब मोदी को वोट मिल गया, जब घर-घर मोदी हो गया और जब प्रधानमंत्री बन गए।
तब हर घर में सिलेंडर का दाम भी 500 रुपया से बढ़कर 1300 रुपया हो गया। मोदी 200 रुपया का 5 किलो अनाज देकर, लोगों की जेब से 500 की जगह 1300 रुपए सिलेंडर के नाम पर निकलवा लेते हैं। अगली बार अगर जीत गए तो सिलेंडर का दाम 2000 से ज्यादा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री लगाने का वादा बिहार में कर रहे हैं और फैक्ट्री गुजरात में लग रहे है।