बिहार बोर्ड के इंटर में 80.15% स्टूडेंट सफल, पास करने वाली सभी लड़कियों को सरकार देगी 25-25 हजार रुपए

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क: बिहार बोर्ड का 12वीं का रिजल्ट शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने घोषित किया। आर्ट्स में गोपालगंज के संगम राज (96.4%) के साथ प्रथम, कटिहार की श्रेया कुमारी (94.2%) दूसरे स्थान पर, मेधापुरा की रितिका रतन (94%) के साथ तीसरे नंबर पर रहीं। संगम राज के पिता जर्नादन साह ई-रिक्शा चलाते हैं। संगम गोपालगंज के वीएम इंटर कॉलेज के स्टूडेंट हैं। संगम ने कहा कि पिता मेरे पिता को जब मेरे टॉप होने का पता चला तो वे रो पड़े। इसी तरह साइंस में टॉपर रहे नवादा के सौरभ कुमार के पिता बढ़ई का काम करते हैं।

साइंस में नवादा के सौरभ कुमार और औरंगाबाद के अर्जुन कुमार पहले स्थान पर (94.4%) रहे। दूसरे पर मोतिहारी के राज रंजन (94.2%) और तीसरे पर गया की सजल कुमारी (94%) रहीं। कॉमर्स में पटना के अंकित कुमार गुप्ता (94.6%) फर्स्ट, नवादा के विनीत सिन्हा और गया की मुस्कान सिंह (94.4%) दूसरे नंबर पर और गोपालगंज की अंजलि कुमारी (94%) तीसरे स्थान पर रहीं।

पास करने वाली लड़कियों को मिलेंगे 25-25 हजार रुपए
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने रिजल्ट जारी करने के बाद कहा कि सरकार इंटर पास करने वाली सभी लड़कियों को 25-25 हजार रुपए देगी। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की ओर से लड़कियों को शिक्षित करने का जो अभियान चलाया गया वह जमीन पर दिखने लगा है। लड़कियों के लिए साइकिल, पोशाक आदि योजनाएं चल रही हैं। मंत्री ने कहा कि लड़की जब शिक्षित होती हैं तो पूरी पीढ़ी शिक्षित हो जाती है। यह बहुत ही शुभ लक्षण है। इसका सीधा असर प्रजनन दर पर पड़ता है। जनसंख्या भी नियंत्रित होती है जब जनसंख्या नियंत्रित हो जाती है तब हमारी कई समस्याओं का समाधान हो जाता है। इस बार 6 लाख 41 हजार 829 लड़कियां पास हुई हैं।