बिहार में ठंड का असर कम, धूप से लोगों को राहत

ट्रेंडिंग

अशोक “अश्क” बिहार के कई जिलों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। दोपहर के समय खिली धूप से लोगों को राहत मिल रही है, हालांकि सुबह के वक्त अब भी कोहरे की चादर छाई रहती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पटना समेत पूरे बिहार में सुबह के समय कोहरा बना रहेगा।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0

खासतौर पर पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में घने कोहरे की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गुरुवार से अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इससे रात की ठंड में कमी आ सकती है, जिससे आम जनजीवन को थोड़ी राहत मिलेगी। मंगलवार को प्रदेशभर में तापमान में मिले-जुले बदलाव देखने को मिले। पटना समेत 22 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 26 शहरों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई।

पूर्णिया में मंगलवार को अति घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता में काफी गिरावट आई। पूरे बिहार में सबसे ठंडा शहर 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रोहतास का डेहरी रहा, जबकि सबसे गर्म शहर 25.1 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा दर्ज किया गया।

हालांकि, अधिकांश शहरों में दिनभर धूप रहने से लोगों ने राहत महसूस की। राजधानी पटना में भी मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। यहां न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

प्रदेश के अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट और अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा।

हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा और ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा। न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के कारण रात की ठंड से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों और यात्रियों को कोहरे के कारण सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि दृश्यता में कमी के कारण यात्रा प्रभावित हो सकती है।