फर्रुखाबाद, बीपी प्रतिनिधि। मकान की दूसरी मंजिल की छत पर अनाज सुखा रही महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला बोल दिया। उसे कई जगह काट लिया। वह किसी तरह वहां से सीढ़ी की ओर बढ़ीं तो बंदरों ने दौड़ा लिया। दहशत के चलते सीढ़ी से पहली मंजिल की छत पर गिरने से उनकी मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर मऊ दरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी जान अली में हुई।
रवींद्र कुमार बाल्मीकि की 57 वर्षीय पत्नी कांती देवी दोपहर को घर की दूसरी मंजिल की छत पर अनाज सुखा रही थीं। उसी दौरान 10-12 बंदरों का झुंड छत पर आ गया। महिला ने डंडा दिखाकर उन्हें भगाने का प्रयास किया तो बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाकर वह सीढ़ी से नीचे की ओर भागीं, पर बंदरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और उन्हें कई जगह काट लिया।
महिला बेहोश होकर पहली मंजिल की छत पर आ गिरीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बंदरों को भगाया। स्वजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। स्वजन ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी।