Kanpur, Bhupendra Singh : स्थानीय निकाय चुनाव में शुरू से ही भाजपा का गढ़ कानपुर रहा है। ऐसे में अपने किले की मजबूती बनाये रखने के लिए भाजपा के कद्दावर नेता स्वतंत्र देव के साथ पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक सुरेश तिवारी को लगाया गया है। कानपुर में चुनाव संयोजन का कार्य बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश शर्मा करेंगे।
अन्य पार्टियों से काफी तेज चलते हुए भाजपा ने नगर निगम चुनाव के लिए मैदान सजाना शुरू कर दिया है। इस साल के अंत में प्रस्तावित चुनाव के लिए भाजपा ने 17 नगर निगमों के लिए चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी और चुनाव संयोजक नियुक्त कर दिए हैं। कानपुर के निकाय चुनाव में परचम लहराने के लिए पार्टी ने जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रभारी बनाया है। इसकी लिस्ट पार्टी की ओर से जारी की गई है।
भाजपा ने 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। उससे पहले होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर भी पार्टी उतनी ही गंभीर है। चूंकि, इन चुनावों के परिणामों से भी माहौल बनाया जा सकता है, इसे देखते हुए नगर निकाय की भी सभी सीटें जीतने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर जोर देने वाली भाजपा ने इन चुनावों के लिए प्रभारी, सह-प्रभारी और संयोजक बनाने में इसका पूरा ध्यान रखा है। नगर निगमों में सफलतापूर्वक चुनाव कराने की जिम्मेदारी सरकार के मंत्रियों के साथ ही संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी सौंपी गई है। कई दिनों से चल रहे मंथन के बाद इन नामों पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुहर लगाई है।