स्टेटडेस्क, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशियों की आठवीं सूची में जिन विधायकों का टिकट कटा है, उनमें कानपुर देहात की एक महिला विधायक भी हैं। ऐसी खबर है कि कटने से नाखुश भाजपा की एक महिला विधायक सपा शामिल होकर साइकिल की सवारी कर सकती हैं। कानपुर देहात जिले की चार में से दो विधानसभा सीटों पर भाजपा ने अपने विधायकों का टिकट काटा है। इनमें से एक भोगनीपुर और दूसरी रसूलाबाद सीट है।
भोगनीपुर से भाजपा ने पूर्व सांसद और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे राकेश सचान को प्रत्याशी बनाया है। वह कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। भोगनीपुर से वर्तमान में वीके कटियार विधायक हैं। इसी तरह रसूलाबाद सीट पर पूनम संखवार को प्रत्याशी बनाया गया है।
वह जिला पंचायत सदस्य चुनाव भी भाजपा के समर्थन से लड़ी थीं। इस सीट से विधायक निर्मला संखवार का टिकट कटने से वे नाराज बताई जा रही हैं। सूत्रों का दावा है कि भाजपा विधायक की सपा प्रमुख से एक दौर की वार्ता हो चुकी है।
जल्द ही उन्हें लखनऊ में सपा की सदस्यता ग्रहण कराने की तैयारी है। इस बीच, भाजपा की तरफ से चर्चा है कि गठबंधन की सीटों को छोड़कर जिन विधायकों का टिकट काटा गया है, उनका रिपोर्ट कार्ड पार्टी के सर्वे में खराब था।