टेनरी विवाद में पुलिस के चंगुल में आया नारायण सिंह भदौरिया, भाजपा जिला मंत्री रहते हुए पुलिस से छुड़वाया था हिस्ट्रीशीटर

कानपुर

कानपुर/ बीपी प्रतिनिधि। कानपुर का नारायण सिंह भदौरिया जाजमऊ की टेनरी पर कब्जा करने को लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सुबह गिरफ्तार किया और शाम को उसे कोर्ट से जमानत मिल गई। उसने खादी-खाकी, अपराधी और वकीलों का सिंडिकेट बनाकर विवादित जमीनों से करोड़ों की संपत्ति कमाई।

google.com, pub-3161711413977012, DIRECT, f08c47fec0942fa0

भाजपा का जिला मंत्री रहते हुए हिस्ट्रीशीटर को पुलिस हिरासत से छुड़वा लिया था। कॉल डिटेल में भाजपा के कई बड़े नेताओं का साथ मिला। 13 जुलाई को जाजमऊ की शालीमार टेनरी पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। एक पक्ष से नारायण भदौरिया अपने गुंडों को लेकर टेनरी पर कब्जा कराने पहुंचा था। पुलिस ने नारायण पर एफआईआर में नाम आने के बाद गिरफ्तार कर लिया था।

सोमवार को अब पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने उसके खिलाफ जांच का आदेश दिया है। नारायण के खिलाफ कई गंभीर मुकदमें हैं। उसकी हिस्ट्रीशीट या गुंडा एक्ट कार्रवाई नहीं हुई है। जाजमऊ के साथ ही किदवई नगर पुलिस भी नए सिरे से नारायण का ब्योरा तैयार कर रही है। जाजमऊ पुलिस ने नारायण की कॉल डिटेल जांची। साथ ही हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह, हत्या में सजायाफ्ता मुजरिम राज बल्लभ पांडेय, बर्रा विश्व बैंक का धीरू शर्मा, अपराधी रॉकी यादव, हत्या में जेल जा चुके छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष आशीष साहू समेत अन्य अपराधी नारायण के गिरोह से जुड़े हैं।

किदवई नगर में रहने वाला नारायण सिंह भदौरिया भले ही दूध का कारोबारी है। उसका रसूख किसी माफिया से कम नहीं है। हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के बाद एक्सपोज हुआ था। पार्टी ने उसको निष्कासित किया था। उस वक्त उसके खिलाफ नौबस्ता में एफआईआर दर्ज की गई थी। नारायण के खिलाफ 2006 में किदवई नगर में मारपीट, 2012 में बाबूपुरवा में मारपीट के साथ ही अन्य थानों में कई मुकदमें दर्ज हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से लेकर पूर्व जेल मंत्री जय कुमार सिंह जैकी, किदवई नगर विधायक, कानपुर दक्षिण की जिलाध्यक्ष, नव निर्वाचित एमएलसी और कई विधायक व भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ उसकी सैकड़ों तस्वीरें सामने आई हैं। डीसीपी ईस्ट प्रमोद कुमार ने कहा,”टेनरी कब्जा विवाद में नारायण सिंह भदौरिया गिरफ्तार किया गया है। किदवई नगर और बाबूपुरवा थाने से भी उसके मुकदमों की डिटेल मांगी गई है। जांच के बाद नारायण के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।”