चुनाव डेस्क। यूपी में पांचवें चरण के लिए 61 सीटों पर मतदान चल रहा है। अयोध्या सीट पर देश-दुनिया की नजर है वहां बड़ी संख्या में साधु-संत वोट डालने के लिए निकले। अयोध्या के पोलिंग बूथ पर सुबह से लंबी कतारें लगी हुई हैं।
प्रयागराज, अयोध्या, प्रतापगढ़ समेत 50 से ज्यादा बूथ पर ईवीएम में गड़बडी के चलते वोटिंग बाधित हुआ। सपा ने भी शुरुआती डेढ़ घंटे में ईवीएम से जुड़ी 26 से ज्यादा शिकायतें चुनाव आयोग से की।
कौशांबी में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सुबह सबसे पहले पैर छुकर मां का आशीर्वाद लिया। मां ने उन्हें दही खिलाया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 10 मार्च को साइकिल बंगाल की खाड़ी में गिरेगी। गोंडा के करनैलगंज में देर रात सपा प्रत्याशी के खिलाफ रेप का केस दर्ज हुआ है। उन पर समर्थकों के साथ भाजपा कार्यकर्ता के घर में घुसकर रेप का आरोप है।
12 जिलों की 61 सीटों पर 2.25 करोड़ वोटर्स 693 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। इसमें 90 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में डिप्टी सीएम केशव मौर्या समेत 6 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। यह शाम 6 बजे तक होगी।
-अयोध्या में अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञान दास ने वोट डाला। वहीं, राम मंदिर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि- नो कमेंट
-डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि सिराथू के लोग कमल खिलाएंगे और सिराथू के बेटे को बड़े अंतर से जीत दिलाएंगे। 10 मार्च को लोगों के आशीर्वाद से अहंकार के आसमान में ऊंची उड़ान भरने वाले अखिलेश यादव की साइकिल बंगाल की खाड़ी में गिरेगी। उनकी साइकिल पहले सैफई के लिए उड़ी थी और अब बंगाल की खाड़ी में जाएगी।
-गोंडा के कर्नलगंज के सपा प्रत्याशी योगेश प्रताप सिंह समेत 30 लोगों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता के घर में रेप और मारपीट का केस दर्ज किया गया है।
-इलाहाबाद शहर पश्चिम की सपा प्रत्याशी ऋचा सिंह ने पोलिंग एजेंट के पहुंचने से पहले ही मशीन का मॉकपोल का आरोप लगाया। उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।