स्टेट डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मैनपुरी की करहल सीट पर कांग्रेस ने वॉकओवर देने का फैसला किया है। इतना ही नहीं शिवपाल यादव की जसवंतनगर सीट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतार रही है। हालांकि, कांग्रेस ने करहल सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था, लेकिन मंगलवार को नामांकन करने से रोक दिया है। इस तरह से कांग्रेस ने चाचा-भतीजे दोनों को वॉकओवर दे दिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और बृज क्षेत्र के प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि कांग्रेस ने फैसला किया है कि करहल और जसवंतनगर सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारेंगे। इसीलिए करहल सीट पर पहले से घोषित कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञानवती यादव को नामांकन करने से मना कर दिया गया है। वहीं जसवंतनगर सीट पर कांग्रेस ने किसी को भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया था और कांग्रेस ने कहा अब हम उस सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
करहल और जसंवतनगर दोनों ही सीट पर सपा को कांग्रेस समर्थन करेगी। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में ही करहल विधानसभा क्षेत्र से महिला प्रत्याशी ज्ञानवती यादव को टिकट दिया था। सपा ने उस समय तक अखिलेश यादव को यहां से प्रत्याशी नहीं बनाया था। लेकिन, अब अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने के निर्णय के बाद कांग्रेस ने तय किया है कि वो उनके खिलाफ कोई भी प्रत्याशी नहीं उतारेगी। ऐसे में मंगलवार को ज्ञानदेवी यादव को फोन करके कांग्रेस ने नामांकन करने से रोक दिया।
दरअसल, समाजवादी पार्टी गांधी परिवार के खिलाफ अमेठी और रायबरेली संसदीय सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारती है। सपा यह काम 2009 के लोकसभा चुनाव से कर रही है। ऐसे में कांग्रेस ने भी सपा मैनपुरी में मुलायम सिंह यादव और आजमगढ़ में अखिलेश यादव के खिलाफ प्रत्याशी नहीं दिया था। इतना ही नहीं कन्नौज सीट पर भी डिंपल यादव के खिलाफ किसी को प्रत्याशी नहीं बनाया था।
यह भी पढ़ें…
अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस हाईकमान ने मुलायम परिवार के खिलाफ प्रत्याशी नहीं देना का फैसला किया है। मैनपुरी की करहल में अखिलेश यादव और इटावा की जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में शिवपाल यादव के खिलाफ कांग्रेस का कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं होगा। हालांकि सपा ने अभी तक रायबरेली जिले की सदर सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।