-पीजीआइ के पास आज सुबह सवा नौ बजे की घटना, गनर ने संभाला मोर्चा
–हमलावरों ने अपने को एसओजी बताया, पुलिस ने शुरू की जांच
प्रतापगढ़/ बीपी टीम : पूर्व विधायक बृजेश मिश्र सौरभ बुधवार की सुबह लखनऊ से रायबरेली के लिए निकले थे। उनके ऊपर पीजीआइ के पास हमला कर दिया गया। हालांकि उनके सरकारी गनर सक्रिय गए और हमलावर भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के गड़वारा से विधायक चुने गए बृजेश मिश्र सौरभ हाल ही में भाजपा छोड़ सपा का दामन थाम चुके हैं।
पूर्व विधायक बृजेश सौरभ के मुताबिक वह लखनऊ स्थित अपने पेपर मिल कालोनी आवास से रायबरेली के लिए बुधवार की सुबह निकले। उन्हें पूर्व मंत्री व सपा नेता मनोज पांडेय की मां के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाना था। जैसे ही उनकी कार शहीद पथ से पीजीआइ की ओर मुड़ी कि सिल्वर कलर की इनोवा क्रिस्टा ने ओवरटेक किया। उसमें से आधा दर्जन लोग असलहे के साथ उतरे और उन्हें रोक लिया। उसमें से पांच लोग चालक को नीचे खींचने लगे। उनसे कहा गया कि वे एसओजी से हैं।
उनके दोनों सरकारी गनर प्रमोद सिंह यादव व भुआल सिंह यादव ने अपनी-अपनी कार्बाइन बोल्ट कर ली। अपने को घिरा देख हमलालर वहां से भाग निकले। इसकी जानकारी तत्काल 112 डायल को दी गई। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा प्रदान की। पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। वहीं पूर्व विधायक सुरक्षा घेरे में रायबरेली पूर्व मंत्री मनोज पांडेय के घर पहुंचे। वहीं प्रतापगढ़ में इस तरह के हमले से पूर्व विधायक के समर्थकों में काफी रोष है। इसे एक गहरी साजिश करार दे रहे हैं।
यह भी पढ़े….